सीवान के टॉप-10 अपराधियों में शामिल अमित पटेल गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप
सीवान। जिले में अपराध और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीवान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहा और जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल अमित पटेल उर्फ अमित कुमार प्रसाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसकी गिरफ्तारी हुई है।
आरोपी महाराजगंज थाना कांड संख्या 464/25 (दिनांक 12 सितंबर 2025) में नामजद अभियुक्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी अमित पटेल अपने क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई और महाराजगंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी राजवंशी प्रसाद के पुत्र अमित पटेल उर्फ अमित कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। वह महाराजगंज थाना कांड संख्या 464/25 (दिनांक 12 सितंबर 2025) में नामजद अभियुक्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमित पटेल का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी वसूली, मारपीट, अवैध हथियार रखने तथा एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों समेत कुल नौ संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार फरार रहने और अपराध जगत में सक्रिय भूमिका के कारण उसे जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और पुलिस के लिए वह एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीवान पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम, जिला आसूचना इकाई तथा महाराजगंज थाना के थानाध्यक्ष विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें...
Comments
Post a Comment