मैडम, मेरा एडमिशन करा दीजिए...8 साल के मासूम की गुहार पर पसीजा SDM का दिल, साइबर कैफे पर छापा और सरकारी स्कूल में कराया दाखिला

महाराजगंज में एक 8 वर्षीय मासूम की फरियाद ने पूरे प्रशासन को हरकत में ला दिया। आधार कार्ड सुधार के नाम पर ₹1500 की ठगी की शिकायत लेकर SDM कार्यालय पहुंचे बच्चे की बात सुनते ही SDM अनिता सिन्हा ने न सिर्फ कथित फर्जी साइबर कैफे पर छापेमारी कराई, बल्कि अपनी सरकारी गाड़ी से बच्चे को विद्यालय ले जाकर उसका नामांकन भी कराया। SDM की इस संवेदनशील पहल की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।





सीवान। महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में बुधवार को एक 8 वर्षीय मासूम अपनी फरियाद लेकर सीधे SDM कार्यालय पहुंच गया। कार्यालय में पहुंचते ही उसने भावुक होकर कहा, "मैडम, मेरा एडमिशन करा दीजिए। साइबर वाला आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधारने के नाम पर ₹1500 ले लिया है।" बच्चे की मासूम गुहार सुनते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।


पीड़ित की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी झगरू यादव के 8 वर्षीय पुत्र अनुराज यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत होने के कारण उसका स्कूल में नामांकन नहीं हो पा रहा था। इसी समस्या के समाधान के लिए परिजन उसे एक साइबर कैफे ले गए, जहां आधार सुधार के नाम पर ₹1500 वसूल लिए गए।


शिकायत मिलते ही SDM ने मारा छापा


मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजगंज SDM अनिता सिन्हा, SDPO अमन कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और BDO बिंदु कुमार के साथ पुलिस बल लेकर महाराजगंज बैंक चौक स्थित राज साइबर कैफे में छापेमारी की। 

फोटो: शिकायत के बाद साईबर कैफे पर छापेमारी करने पहुंचे एसडीपीओ,एसडीएम


छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में आधार कार्ड, विभिन्न दस्तावेज और एक कंप्यूटर जब्त किया। प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है।


थर्ड पार्टी एप्लीकेशन से आधार अपडेट करने का संदेह

प्रारंभिक जांच में प्रशासन को पता चला कि संबंधित साइबर कैफे आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन करने के लिए अधिकृत नहीं था। आशंका है कि आधार अपडेट के लिए किसी थर्ड पार्टी एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे लोगों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।


SDM ने निभाई अभिभावक की भूमिका


मामले में सबसे भावुक पल तब आया जब कार्रवाई के बाद SDM अनिता सिन्हा खुद अपनी सरकारी गाड़ी से मासूम अनुराज यादव को सरकारी विद्यालय लेकर पहुंचीं और उसका नामांकन कराया। एक तरफ जहां प्रशासन ने कथित गड़बड़ी करने वाले साइबर कैफे पर कार्रवाई की, वहीं दूसरी ओर बच्चे की शिक्षा भी सुनिश्चित की।


छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में आधार कार्ड, विभिन्न दस्तावेज बरामद

SDM की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की पूरे महाराजगंज इलाके में चर्चा हो रही है। लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।


SDM ने क्या कहा?


SDM अनिता सिन्हा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। प्रथम दृष्टया साइबर कैफे संचालक के पास आधार सुधार का कोई अधिकृत अधिकार नहीं मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्ट: प्रियांशु कुमार सिंह 







टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट