छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!
कभी इलाके में “लोकल लेवल का लफुआ” कहे जाने वाला सोनू यादव धीरे-धीरे अपराध की दुनिया में इतना आगे बढ़ गया कि कुख्यात बदमाश बन बैठा। ग्रामीणों के मुताबिक छोटी-छोटी वारदातों से शुरुआत करने वाला सोनू, वक्त के साथ बेखौफ होता गया—और आखिरकार एक मामूली रोडरेज विवाद में हत्या जैसी बड़ी वारदात को अंजाम दे बैठा। लेकिन उसकी ये अपराधी कहानी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी—रविवार की अहले सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसका अंत हो गया।
एनकाउंटर स्पॉट, सोनू यादव फाईल फोटो:
सीवान: रोडरेज में हुई सनसनीखेज हर्ष हत्याकांड में आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू यादव का ‘फुल एंड फाइनल’ हिसाब कर दिया। रविवार की अहले सुबह जामो थाना क्षेत्र के लद्दी गांव के पास मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश सोनू यादव पुलिस की गोली से मारा गया।
यह वही सोनू है जिसने 29 अप्रैल को महज कार टकराने के विवाद में पूर्व बीजेपी एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनके जीजा को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था।
अहले सुबह घेराबंदी, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग
सीवान एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लद्दी गांव के पास घेराबंदी कर दी।
जैसे ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, सोनू ने बिना देर किए पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला—और कुछ ही देर में सोनू यादव ढेर हो गया। पुलिस ने मौके से एक काली रंग की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद किया है।
मामूली विवाद, लेकिन अंजाम खौफनाक
पूरी घटना की जड़ एक छोटा सा रोडरेज विवाद था।
29 अप्रैल को आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास कार साइड करने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि सोनू यादव ने गाड़ी से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।
इस हमले में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता चंदन सिंह अब भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
कौन था सोनू यादव? क्या हुआ!
1. हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला
पिता: गरजू यादव
2. 25 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी
3. वारदात के बाद बड़हरिया इलाके में छिपा था
4. स्थानीय लोगों के मुताबिक “लोकल लेवल का लफुआ”
5. एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसके पास से वही पिस्टल बरामद की, जिससे हर्ष की हत्या की गई थी।
हर्ष हत्याकांड में अब तक पुलिस की बड़ी उपलब्धियां
सोनू यादव: मुख्य आरोपी, एनकाउंटर में ढेर
छोटू यादव: 10 घंटे के अंदर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
सुनील यादव: पुलिस हिरासत में
बरामदगी: हत्या में इस्तेमाल कार और पिस्टल जब्त
अब आगे क्या?
सोनू यादव के मारे जाने के बाद पुलिस अब इस केस से जुड़े बाकी संदिग्धों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा।
Comments
Post a Comment