इलाज के लिए निकले थे पति-पत्नी, गंडक पुल पर काल बनकर आई ट्रक; चार मासूम बच्चों की मां की मौत, पति लड़ रहा जिंदगी से जंग
मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने सीवान के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाज कराने जा रही महाराजगंज के पटेढ़ा गांव निवासी 34 वर्षीय गुलशन खातून की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनके पति मृतृजा अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। गुलशन अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
सड़क हादसे की शिकार महिला का शव घर पहुंचते ही गम में डूबा पूरा परिवार।
सीवान। महाराजगंज थाना क्षेत्र के पटेढ़ा गांव की एक महिला की मुजफ्फरपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया। मृतका अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
मृतका की पहचान पटेढ़ा गांव निवासी मृतृजा अंसारी की 34 वर्षीय पत्नी गुलशन खातून के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतृजा अंसारी अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए सोमवार की सुबह बाइक से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे जब वे मुजफ्फरपुर के रेवाघाट स्थित गंडक नदी पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुलशन खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतृजा अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार मृतृजा अंसारी गांव में राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य है। गुलशन खातून की असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतका अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें शबनम,रुकसार सहित दो पुत्र साहित और साजिद शामिल हैं। मां की मौत की खबर के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ मृतका के घर पर जुट गई। पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें...
Comments
Post a Comment