ATM पर बुजुर्ग को बनाया शिकार, कार्ड बदलकर उड़ाए 30 हजार रुपये; पीछा कर एक आरोपी को लोगों ने दबोचा, गिरोह के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

सीवान के महाराजगंज में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले कथित गिरोह के खिलाफ सोमवार की दोपहर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आईडीबीआई बैंक के पास एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलने की कोशिश के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी की पहचान और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।


खबर विस्तार से:

सीवान। के महाराजगंज में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले कथित गिरोह का मामला सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के आईडीबीआई बैंक के पास एक बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए जाने का आरोप है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

भीड़ की पिटाई में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस

इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया और बाद में पूछताछ के लिए अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान, उसके साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

कैसे हुआ पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग व्यक्ति आईडीबीआई बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन युवकों ने उन्हें बातों में उलझा लिया और कथित रूप से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद जब पीड़ित को संदेह हुआ और उन्होंने अपना कार्ड जांचा, तब उन्हें पता चला कि कार्ड बदला जा चुका है।

इसके बाद पीड़ित ने तुरंत युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

भीड़ के हत्थे चढ़ा आरोपी

युवक के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर महाराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

खाते से निकाले गए 30 हजार रुपये

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक ने अपना नाम सुबोध कुमार बताया। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवकों ने बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 30 हजार रुपये की निकासी की है। हालांकि पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

फरार साथियों के बताए नाम

पकड़े गए युवक के अनुसार, उसके साथ मौजूद फरार आरोपियों की पहचान राज तिवारी (पुत्र मनोज तिवारी) और पवन कुमार सिंह (पुत्र शिव दयाल सिंह) के रूप में हुई है। वहीं पकड़ा गया युवक स्वयं को सुबोध कुमार (पुत्र नागेंद्र कुमार सिंह) बता रहा है। तीनों सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित जीएस बंगरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है।

बुजुर्गों और कम जानकारी रखने वाले लोगों को बनाते थे निशाना!

पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर यह भी बताया कि उनका गिरोह एटीएम पर आने वाले बुजुर्ग और कम जानकारी रखने वाले लोगों को निशाना बनाता था। लोगों को झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया जाता था और बाद में खाते से रुपये निकाल लिए जाते थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी की पहचान, उसके आपराधिक रिकॉर्ड, फरार साथियों और संभावित गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह गिरोह पहले भी जिले या आसपास के इलाकों में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है।


बोले थानाध्यक्ष, महाराजगंज।

इस मामले में महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मामले में अभी उन्हें किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुए है। आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 



Comments

Popular posts from this blog

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट

चीखों से गूंज उठा गांव : श्राद्ध से लौट रहे सीवान के 5 लोगों की पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत, खड़ी ट्रेलर में पीछे से जा घुसी कार