भाजपा झंडा लगी स्कॉर्पियो में हथियार लेकर पहुंचा होटल कारोबारी, मंत्री के स्वागत कार्यक्रम से पहले पुलिस ने दबोचा

वीआईपी स्वागत कार्यक्रम के बीच पुलिस ने बड़ी साजिश की आशंका में कार्रवाई करते हुए एक होटल कारोबारी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मंत्री के काफिले में शामिल होने की कोशिश कर रहा था।

        पुलिस ने हथियार के साथ स्कॉर्पियो जब्त किया है। 

मुजफ्फरपुर: में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री के स्वागत कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने भाजपा का झंडा लगी काले रंग की स्कॉर्पियो से एक होटल व्यवसायी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कथित तौर पर मंत्री के स्वागत काफिले में शामिल होने की तैयारी में था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक कार्यक्रमों में संदिग्ध लोगों की मौजूदगी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान होटल व्यवसायी विकास कुमार के रूप में हुई है। तुर्की थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाकर उसे दबोचा। जानकारी के मुताबिक पुलिस को खबर मिली थी कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार व्यक्ति अवैध हथियार लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और चिन्हित होटल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने तुरंत विकास कुमार को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा हुआ था और वह मंत्री के स्वागत काफिले का हिस्सा बनने की कोशिश कर रहा था।

यह घटना उस समय हुई, जब बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री और कुढ़नी से भाजपा विधायक केदार गुप्ता मंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर बड़ी कार्रवाई की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में करीब 11 मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, अवैध शराब तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी वीआईपी मूवमेंट वाले इलाके में हथियार लेकर किस उद्देश्य से पहुंचा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।










Comments

Popular posts from this blog

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट

सीवान में दिनदहाड़े लूट: 20 लाख के गहने-नकदी साफ, फायरिंग से दहला बाजार,अपाची सवार अपराधियों ने की अंधाधुन कई राउंड फायरिंग