देवरिया पंचायत में नल-जल योजना बनी शोपीस, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण
वार्ड नंबर 4 और 6 में वर्षों से ठप पड़ी योजना,शिकायतों के बावजूद नहीं मिला स्थायी समाधान
पंचायत के वार्ड नंबर 6 और 4 में भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
सीवान: सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर नल-जल योजना” जहां लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा करती है, वहीं जमीनी हकीकत कई गांवों में इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। सीवान जिले के देवरिया पंचायत के वार्ड नंबर 6 और 4 में भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। यहां नल-जल योजना लंबे समय से बदहाल पड़ी हुई है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड नंबर 6 में पार्षद ओमप्रकाश चौबे की कथित लापरवाही और स्थानीय राजनीति के कारण योजना पूरी तरह ठप हो चुकी है। लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों, जेई और सरकारी टोल-फ्री नंबर पर शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। शिकायत के बाद कुछ घंटों के लिए पानी की सप्लाई शुरू हुई, मगर फिर हालात जस के तस हो गए।
पंचायत के वार्ड नंबर 6 में वर्षों से बंद पड़ा नल जल योजनालाखों खर्च, फिर भी नहीं सुधरी व्यवस्था
ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक योजना में कई बार मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार और टीन शेड बदले जा चुके हैं। इसके बावजूद पानी की सप्लाई नियमित नहीं हो पा रही है। लोगों का आरोप है कि सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं की गई।
भीषण गर्मी के इस दौर में गांव के लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खासकर महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई परिवारों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
वार्ड की राजनीति में उलझी सरकारी योजना
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 4 से अनिला देवी चुनाव जीतकर वार्ड पार्षद बनी थीं। उसी दौरान उनकी जमीन पर बोरिंग कराकर नल-जल योजना की शुरुआत हुई थी। लेकिन अगले चुनाव में उर्मिला देवी के वार्ड पार्षद बनने के बाद स्थिति बदल गई और योजना बंद पड़ गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना की चाबी अब भी पूर्व वार्ड पार्षद अनिला देवी के पास है। न तो चाबी सौंपी जा रही है और न ही योजना को दोबारा चालू कराया जा रहा है। इसका खामियाजा पूरे इलाके के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो गर्मी में हालात और भयावह हो सकते हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करते हुए नल-जल योजना को नियमित रूप से चालू कराने की मांग की है।
क्या बोले बीडीओ?
इस मामले में महाराजगंज बीडीओ बिंदु कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले भी कार्रवाई का आदेश दिया जा चुका है और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
Weather Alert' दिल्ली-UP समेत 10 राज्यों पर डबल अटैक, कहीं हीटवेव तो कहीं बारिश-तूफान का खतरा
Comments
Post a Comment