UP में कुदरत का कहर: आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 55 मौतें, कई जिलों में तबाही
प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, सोनभद्र और भदोही समेत कई जिलों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में ओलावृष्टि भी हुई। बरेली और बदायूं में तेज तूफान के कारण कई बड़े साइन बोर्ड गिर पड़े।
प्रयागराज और भदोही में सबसे ज्यादा मौतें।
आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 लोगों की मौत हुई, जबकि भदोही में 16 लोगों ने जान गंवाई। इसके अलावा बदायूं और फतेहपुर में 5-5 लोगों की मौत हुई, जबकि प्रतापगढ़ में 4 लोगों की जान चली गई।
वहीं कानपुर देहात में आकाशीय बिजली गिरने से 33 बकरियों की भी मौत हो गई।
भदोही में दर्दनाक हादसा, पूरा परिवार तबाह
भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी बसवापुर गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक मकान पर नीम का पेड़ गिरने से घर में सो रहे परिवार पर मलबा टूट पड़ा।इस हादसे में अशोक कुमार की पत्नी सुधा (30) और उनकी दो मासूम बेटियां आरुषि (6) और जूही (6) की मौत हो गई। वहीं उनका 8 वर्षीय बेटा आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे वाराणसी के बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
30 जिलों में बारिश, फिर भी बांदा सबसे गर्म
गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर और मथुरा समेत करीब 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उन्होंने बताया कि 15 मई से गर्मी फिर विकराल रूप दिखाएगी। तापमान में 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
14 मई
पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना। 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
15 मई
पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा और तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
16 मई
तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। रात में भी गर्म हवाओं का असर महसूस होगा।
17 मई
पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
CM योगी का बड़ा आदेश।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। सभी जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लें राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट दें। सरकार ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें..
Comments
Post a Comment