उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव: सीवान के महाराजगंज निवासी दरोगा समेत 6 की मौत
उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के सीवान जिले के महाराजगंज निवासी दरोगा समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब कैदियों को लेकर जा रही डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। दरोगा की मौत की खबर मिलते ही महाराजगंज इलाके में मातम पसर गया।
हादसा इतना भयावह था कि बस डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पर लटक गई और कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। इस दर्दनाक दुर्घटना में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा, महाराजगंज थाना क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी
रवि चरण राम,गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों सहित 21 लोग घायल हो गए।
महुआरी स्थित मृत दरोगा के घर पसरा मातम, पूरे गांव में शोक की लहर।
जानकारी के मुताबिक, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी। पेशी के बाद सभी दिल्ली से बिहार लौट रहे थे। तभी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास हादसा हो गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण बस से नियंत्रण खो गया। तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के नीचे और एक्सप्रेस-वे किनारे घायल अवस्था में तड़पते रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा टीम और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं मृतकों की पहचान कराने और घटना की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
महाराजगंज के रहने वाले है दरोगा रवि चरण राम
महाराजगंज के महुआरी गांव निवासी 65 वर्षीय दरोगा (जमादार) रवि चरण राम बिहार पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में सीवान पुलिस लाइन में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला होकर सीवान हुआ था।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, उनका सेवानिवृत्ति का समय भी काफी नजदीक था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। रवि चरण राम अपने सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के कारण लोगों के बीच काफी सम्मानित थे।
यह भी पढ़ें...
Comments
Post a Comment