गोपालगंज में प्रेमी से शादी की जिद में 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
गोपालगंज में प्यार, पंचायत और जिद का ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। प्रेमी से शादी की मांग पूरी नहीं होने पर एक युवती करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करती रही। नीचे पुलिस, ग्रामीण और पंचायत के लोग समझाते रहे, लेकिन प्रेमिका अपनी जिद पर अड़ी रही कि “शादी पक्की करो, तभी नीचे उतरूंगी।
प्रेमी से शादी की मांग पूरी नहीं होने पर एक युवती करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करती रही।गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के जनटोली गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पंचायत में शादी की बात नहीं बनने से नाराज़ युवती ने अपनी जान जोखिम में डाल दी और टावर के शिखर पर पहुंचकर शादी की जिद पर अड़ गई।
बताया जा रहा है कि बैकुंठपुर की रहने वाली सिंधु कुमारी और अमरजीत कुमार पिछले एक साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी बुलाई गई, मगर हर बार कोई न कोई विवाद खड़ा हो जाता और बात अधूरी रह जाती।
हाल ही में एक बार फिर पंचायत बैठी, लेकिन इस बार भी कोई सहमति नहीं बन सकी। पंचायत के बेनतीजा खत्म होते ही सिंधु कुमारी सीधे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
नीचे खड़े ग्रामीण लगातार युवती से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन सिंधु अपनी मांग पर अड़ी रही। उसका कहना था कि जब तक अमरजीत से शादी की बात पक्की नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस और गांव के प्रबुद्ध लोग युवती को समझाने-बुझाने में लगे रहे। साथ ही लड़का पक्ष को भी मौके पर बुलाने की कोशिश की जा रही थी, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।
फिलहाल, पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण भी हैरान हैं कि एक साल पुराने प्रेम संबंध और बार-बार पंचायत होने के बावजूद मामला नहीं सुलझा, तो प्रेमिका ने अपनी मोहब्बत को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी।
फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे। इस घटना ने एक बार फिर समाज, परिवार और प्रेम संबंधों के बीच बढ़ती खाई को सामने ला दिया है। गांव में घंटों तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा, जबकि लोग इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस प्रेम कहानी का अंजाम क्या होगा।
इसे भी पढ़ें-
Comments
Post a Comment