सीवान में बकरीद की खुशियां मातम में बदलीं: दुबई जा रहे दोस्त को स्टेशन छोड़ लौट रहे दो युवकों को कार ने रौंदा, दोनों की मौत
फोटो: सदर अस्पताल में मृतक के शव का पंचनामा तैयार करती पुलिस टीम।
हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे के बाद पूरे सहदौलेपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित सहदौलेपुर गांव निवासी मासूम अली और एहसान अली के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गांव का युवक दिलशाद रोजगार के सिलसिले में दुबई जा रहा था। उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए गांव के चार युवक बाइक से सीवान आए थे। दोस्त को विदा करने के बाद सभी युवक वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मासूम अली और एहसान अली एक बाइक पर सवार होकर आगे निकल गए।
जब दोनों युवक महादेवा थाना क्षेत्र के हकाम हाईवे स्थित कुशवाहा मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महादेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम अली को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल एहसान अली को बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल में चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला। गांव वालों ने बताया कि दोनों युवक बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे।
एक साथ दो युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान में जुटी है। महादेवा थाना प्रभारी विनीत विनायक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
लोकल से लेकर देश-दुनिया की हर बड़ी और जरूरी खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे चैनल को अभी फॉलो करें।
Comments
Post a Comment