बिहार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 5 IPS और 8 DSP अधिकारियों का तबादला; नवगछिया से लेकर पटना तक बदली जिम्मेदारियां
बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए पांच आईपीएस और आठ डीएसपी अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। पटना, नवगछिया, पूर्णिया, सुपौल और कैमूर समेत कई जिलों में पुलिस व्यवस्था की कमान अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
फोटो: पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन पटना।
पटना। बिहार पुलिस महकमे में बुधवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। राज्य सरकार ने पांच आईपीएस और आठ डीएसपी अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी कर दी है। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
पांच IPS अधिकारियों का तबादला।
2011 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य कुमार को समादेष्टा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें अपराध अनुसंधान विभाग के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वह फिलहाल अपराध अनुसंधान विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
वहीं 1997 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) बनाया गया है। इसके अतिरिक्त उन्हें बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2012 बैच के आईपीएस अधिकारी आनंद कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (सुरक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वह विधि-व्यवस्था के पुलिस उप-महानिरीक्षक का कार्यभार भी संभालते रहेंगे। इससे पहले भी वह इसी पद पर कार्यरत थे।
2016 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार को अब साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वह नवगछिया के पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात थे।
वहीं 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी वैभव शर्मा को नवगछिया का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वह अभी तक साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे।
आठ डीएसपी अधिकारियों का भी तबादला
राज्य सरकार ने आठ डीएसपी स्तर के अधिकारियों की भी नई तैनाती की है।
वैशाली निवासी डॉ. गौरव कुमार को पूर्णिया सदर डीएसपी बनाया गया है। वह अभी पटना सिटी में पदस्थापित थे।
पटना निवासी अनूपेश नारायण को सुपौल जिले के निर्मली अनुमंडल की जिम्मेदारी दी गई है। वह पूर्व में बांका जिले में साइबर क्राइम डीएसपी के रूप में कार्यरत थे।
पटना निवासी विकास कुमार को पटना के विशेष कार्य बल में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। इससे पहले वह अपराध अनुसंधान विभाग में कार्यरत थे।
पश्चिम चंपारण निवासी गोपाल कृष्ण, जो फिलहाल जहानाबाद में डीएसपी थे, अब कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नवादा निवासी कौशल किशोर कमल को पूर्णिया यातायात डीएसपी पद से हटाकर अपराध अनुसंधान विभाग, पटना में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है।
अररिया निवासी रंजन कुमार सिंह को अपराध अनुसंधान विभाग पटना से पूर्णिया यातायात डीएसपी के पद पर भेजा गया है।
बक्सर निवासी सुरेश प्रसाद राम को आर्थिक अपराध इकाई से स्थानांतरित कर पटना की विशेष निगरानी इकाई में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है।
अररिया निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता को अपराध अनुसंधान विभाग पटना से विशेष निगरानी इकाई, पटना में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस महकमे में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इन अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों का असर विभिन्न जिलों की पुलिस व्यवस्था में देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें....
Comments
Post a Comment