बिहार में शादी के 16 दिन बाद दुल्हन लाखों के गहने और कैश लेकर फरार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 16 दिन बाद नवविवाहिता घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। घटना जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। मामले में अब प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है।
25 अप्रैल को धूमधाम से हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार की शादी 25 अप्रैल को पियर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार में सबकुछ सामान्य चल रहा था और घर में खुशी का माहौल था।
परिजनों के मुताबिक, शादी के 16वें दिन देर रात जब सभी लोग सो रहे थे, तभी नवविवाहिता घर से अचानक गायब हो गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे 72 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात भी अपने साथ ले गई।
सुबह खुली आंखें तो उड़ गए होश
सुबह जब पति जितेन्द्र कुमार की नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं मिली। पहले परिवार वालों ने सोचा कि वह घर के आसपास होगी, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला। जब घर में रखे बक्से और आलमारी की जांच की गई तो नकदी और जेवरात भी गायब पाए गए।
इसके बाद परिवार वालों ने आरोप लगाया कि नवविवाहिता पहले से सुनियोजित तरीके से घर से कीमती सामान लेकर फरार हुई है।
दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
पीड़ित पति जितेन्द्र कुमार ने पूरे मामले को लेकर गायघाट थाना में लिखित आवेदन दिया है। वहीं दूसरी ओर युवती के पिता ने भी दूल्हा पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी बेटी को गायब करने की शिकायत पुलिस से की है।
प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर गायघाट थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस नवविवाहिता की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
यह भी पढ़ें।
अफसरों से जूते साफ करवाऊंगा…बयान पड़ा भारी, आजम खान दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 2 साल की सजा
बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, 16 जिलों में ऑरेंज और 22 में यलो अलर्ट
Comments
Post a Comment