मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, 80 फीसदी दुकानों में लाइसेंस नहीं मिलने से मचा हड़कंप

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए मिठाई दुकानों, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। चौंकाने वाली बात यह रही कि जांच में करीब 80 फीसदी दुकानों में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं मिला। 


सीवान। में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में बुधवार को महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। निरीक्षी पदाधिकारी  आनंद चौधरी एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. अंकुर कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर की दर्जनों मिठाई दुकानों, होटल और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों में ताबड़तोड़ जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।


छापेमारी के दौरान शहर के चर्चित राजधानी मिष्ठान भंडार के साथ स्मार्ट प्वाइंट में बिक्री की जा रही खाद्य सामग्रियों की भी जांच की गई। इसके अलावा शहर के कई होटल एवं मिठाई दुकानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।




 जांच के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने भी एकत्रित किए, जिन्हें आवश्यक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।


80 प्रतिशत दुकानों में लाइसेंस नहीं मिलने से बढ़ी चिंता


छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जांच में शामिल करीब 80 प्रतिशत दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस नहीं पाया गया। यह स्थिति खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य कारोबार करने वाले सभी दुकानदारों के लिए नियमानुसार लाइसेंस एवं आवश्यक पंजीकरण रखना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ विभाग आगे भी कार्रवाई जारी रखेगा।


खरीदारी से पहले एक्सपायरी डेट जरूर जांचें: अधिकारी


खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की खरीदारी से बचें और मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।


लगातार छापेमारी से दुकानदारों में मचा हड़कंप


महाराजगंज शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार हो रही छापेमारी से मिठाई दुकानदारों एवं होटल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

SDO अनिल कुमार पर सरकार का सबसे बड़ा एक्शन! 25.92 लाख रुपये का हिसाब नहीं, हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी, 'निंदा' की सजा के बाद अब पद से हटाने की अनुशंसा

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

मैडम, मेरा एडमिशन करा दीजिए...8 साल के मासूम की गुहार पर पसीजा SDM का दिल, साइबर कैफे पर छापा और सरकारी स्कूल में कराया दाखिला