तिरंगा यात्रा के दौरान कई दर्जन छात्राओं की बिगड़ी तबीयत,15 की हालत गंभीर; अस्पताल में मचा हड़कंप


सीवान के भगवानपुर हाट से स्वतंत्रता दिवस की तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी खबर सामने आई है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच यात्रा में शामिल करीब 100 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जबकि करीब 15 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई छात्राएं चक्कर आने के बाद बेहोश हो गईं, जिसके बाद सभी को आनन-फानन में भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।


अस्पताल में इलाज कराने पहुंची छात्राएं

सीवान। भगवानपुर हाट में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उमस भरी गर्मी और तेज धूप के बीच यात्रा में शामिल कई दर्जन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें दर्जन भर छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई छात्राओं को चक्कर आने के बाद बेहोशी की स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद विद्यालय से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, भगवानपुर हाट की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर भगवानपुर हाट बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंची। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।





बताया जा रहा है कि तेज धूप और उमस के बीच यात्रा के दौरान अचानक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। कई छात्राओं ने चक्कर आने, कमजोरी और बेचैनी की शिकायत की। देखते ही देखते कुछ छात्राएं बेहोशी की स्थिति में पहुंच गईं। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


घटना की जानकारी मिलते ही बीमार छात्राओं को तत्काल भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने सभी का इलाज शुरू किया। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने के बाद वहां अभिभावकों की भीड़ जुट गई। अपने बच्चों की हालत जानने के लिए परिजन काफी परेशान नजर आए।


 हालांकि समाचार लिखे जाने तक सभी बीमार बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी था। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। मौके पर मौजूद लोगों ने गर्मी और उमस को तबीयत बिगड़ने की प्रमुख वजह बताया है, हालांकि इसकी चिकित्सकीय पुष्टि संबंधित चिकित्सकों की ओर से किया जाना बाकी है।


इधर घटना के बाद कई अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद बच्चों को लंबी दूरी की तिरंगा यात्रा में शामिल कराया गया, जबकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।


अभिभावकों के अनुसार, घटना के समय विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल बाबू कुमार मौके पर मौजूद नहीं थे। इसको लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। कुछ अभिभावकों ने मामले में जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल सभी बीमार छात्राओं का भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा था। इस घटना ने स्कूलों में आयोजित होने वाले लंबे कार्यक्रमों और यात्राओं के दौरान बच्चों की सुरक्षा, पेयजल, छाया और स्वास्थ्य संबंधी इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

SDO अनिल कुमार पर सरकार का सबसे बड़ा एक्शन! 25.92 लाख रुपये का हिसाब नहीं, हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी, 'निंदा' की सजा के बाद अब पद से हटाने की अनुशंसा

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞