योग दिवस पर गूंजा ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश, दिलीप सिंह ने उठाया जलजमाव का मुद्दा; डीएम से की स्थायी समाधान की मांग


महाराजगंज के पोखरा संत आश्रम स्थित माधुर वाटिका मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग शिविर में योग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान भाजपा नेता दिलीप कुमार सिंह ने "करें योग, रहें निरोग" का संदेश देते हुए गांव की गंभीर जलजमाव समस्या उठाई और डीएम से स्थायी समाधान की मांग की।


पोखरा संत आश्रम स्थित माधुर वाटिका मैदान में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस


सीवान। महाराजगंज प्रखंड के पोखरा संत आश्रम स्थित माधुर वाटिका मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। भाजपा सीवान पूर्वी के मुख्य जिला प्रवक्ता सह बीएसएनएल एडवाइजर मेंबर मुजफ्फरपुर जोन दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, ब्रह्माकुमारी संस्था के भाई-बहनों तथा बड़ी संख्या में बच्चों और ग्रामीणों ने तिरंगा लेकर योगाभ्यास किया। योग के संदेश के साथ-साथ गांव की वर्षों पुरानी जलजमाव समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई।

योग शिविर को संबोधित करते हुए दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि "करें योग, रहें निरोग" का संदेश हर घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज जरूरी है। योग को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली मिशन से जोड़ते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और स्वच्छ वातावरण बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पोखरा संत आश्रम पंचायत के वार्ड संख्या-02 में लंबे समय से बनी जलजमाव की गंभीर समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि रामकिशुन मोड़ से हरिशंकर साह के घर तक तथा चौहान टोला में सभापति प्रसाद के घर से शिवनाथ प्रसाद के बथान तक मुख्य सड़क पर नाली का पानी ओवरफ्लो होने के कारण करीब एक फीट तक जलजमाव बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकराल हो जाती है, जिससे छात्र-छात्राओं समेत आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि इस समस्या को कई बार समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया जा चुका है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और अनुमंडल पदाधिकारी तक को इसकी जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

उन्होंने जिला पदाधिकारी सिवान से मांग करते हुए कहा कि जलजमाव वाले स्थल के समीप सारण नहर प्रमंडल की अधूरी भूमि उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने डीएम से स्थल निरीक्षण कर बरसात से पूर्व नाली एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।

योग शिविर में भाजपा पंचायत अध्यक्ष प्रिंस कुमार, ब्रह्माकुमारी केंद्र महाराजगंज की शोभा दीदी, बीके जितेंद्र भाई, विद्या भाई, प्रेमचंद भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



रिपोर्ट: प्रियांशु कुमार सिंह 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट