जमीन के लालच में भाई बना भाई का दुश्मन! सीवान में आधी रात खूनी संघर्ष,कोमा में गया युवक, पत्नी का टूटा हाथ
मां के नाम की जमीन अपने नाम कराने के आरोप के बाद भड़का विवाद, दोनों पक्षों में चली लाठी-डंडे; चार घायल, गंभीर युवक गोरखपुर रेफर
![]() |
| फोटो :सीवान सदर अस्पताल में इलाज करने पहुंचे पीड़ित |
सीवान। महाराजगंज थाना क्षेत्र के जिगरावां गांव में भूमि विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मां के नाम की जमीन और मकान को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि भाई ही भाई का दुश्मन बन बैठा। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे सीवान सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह कोमा में है।
बताया जाता है कि जिगरावां गांव निवासी स्वर्गीय मुन्नी लाल ठाकुर के तीन पुत्र हैं। आरोप है कि बड़े पुत्र सुनील ठाकुर ने कुछ माह पहले मां कबूतरा कुंवर के नाम दर्ज जमीन और मकान के एक हिस्से को अपने भाइयों की जानकारी के बिना अपने नाम करा लिया। मां के मृत्यु होने के कुछ माह बाद जब इस बात की जानकारी मंझले भाई सुधीश ठाकुर और छोटे भाई अनिल ठाकुर को हुई तो परिवार में विवाद शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, अनिल ठाकुर बाहर रहकर नौकरी-व्यवसाय करते हैं। वह छुट्टी में अपनी पत्नी काजल देवी के साथ घर आए थे। इसी दौरान जमीन के नामांतरण को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रात में दरवाजे पर खाट पर सो रहे अनिल ठाकुर और उनकी पत्नी काजल देवी पर बड़े भाई सुनील ठाकुर और उनकी पत्नी ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में काजल देवी का हाथ टूट गया, जबकि अनिल ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अनिल ठाकुर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
सदर अस्पताल में दर्ज हुआ बयान
घटना 27 जून की रात की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने सीवान सदर अस्पताल में पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें