मुहर्रम पर महाराजगंज प्रशासन अलर्ट: भड़काऊ नारे, हथियार और डीजे पर सख्त प्रतिबंध, शहर में फ्लैग मार्च कर दिया कड़ा संदेश


मुहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बीएनएसएस की धारा-163 के तहत विशेष आदेश जारी कर जुलूस के दौरान भड़काऊ नारे, हथियार, डीजे और राजनीतिक प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं एसडीओ अनिता सिंहा और एसडीपीओ अमन कुमार के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया है।



सीवान। महाराजगंज मुहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए महाराजगंज अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। एक ओर प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत विशेष आदेश जारी कर जुलूस के दौरान भड़काऊ नारे, हथियार, डीजे और राजनीतिक प्रदर्शन पर सख्त प्रतिबंध लगाया है, वहीं दूसरी ओर शहर में फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों को कड़ा संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


जुलूस के दौरान भड़काऊ नारे और हथियारों पर पूरी तरह रोक


अनुमंडल प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 25 जून से 26 जून तक जुलूस की समाप्ति तक विशेष प्रतिबंध लागू रहेगा। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक नारे, भड़काऊ स्लोगन, धार्मिक या सामुदायिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।


प्रशासन ने जुलूस में शामिल लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से भी दूर रहने का निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार पुलिस एवं अधिकृत सरकारी कर्मियों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति बिना वैध अनुमति के हथियार लेकर नहीं चल सकेगा।


इसके अलावा किसी भी प्रकार की राजनीतिक झांकी, राजनीतिक प्रदर्शन या राजनीतिक संदेश देने वाली गतिविधियों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।


निर्धारित समय में ही निकालना होगा जुलूस


प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों एवं लाइसेंसधारियों को निर्देश दिया है कि जुलूस का संचालन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही किया जाए। तय समय से अधिक अवधि तक जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।


साथ ही जुलूस में डीजे, ऑर्केस्ट्रा तथा अत्यधिक ध्वनि विस्तारक उपकरणों के उपयोग पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, संगठन या समिति के विरुद्ध कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


शहर में निकला भव्य फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों को चेतावनी


मुहर्रम पर्व को लेकर गुरुवार को महाराजगंज शहर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनिता सिंहा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमन कुमार के नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।


शहर में निकला फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों को चेतावनी

फ्लैग मार्च महाराजगंज थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य सड़क, शहीद स्मारक, बाटा मोड़, राजेंद्र चौक, नखास चौक, सोनार पट्टी होते हुए फुलेना शहीद स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।


मोहर्रम आपसी भाईचारे और एकता का पर्व


फ्लैग मार्च के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीओ अनिता सिंहा ने कहा कि मुहर्रम आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और भाईचारे का पर्व है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं ताकि समाज में एकता और सद्भाव का संदेश जाए।


संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी


एसडीपीओ अमन कुमार ने बताया कि सभी अखाड़ा समितियों एवं लाइसेंसधारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगी, अफवाह फैलाने वाले अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है।


शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।


बड़ी संख्या में पुलिस बल रहा तैनात


फ्लैग मार्च के दौरान महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, पुलिस उपनिरीक्षक अमरेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक ललन सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



रिपोर्ट: प्रियांशु कुमार सिंह 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट