Bihar Weather Alert: 22 जून तक झुलसाएगी लू, 23 जून के आसपास मानसून देगा दस्तक; 25 जून तक भारी बारिश और तूफान की चेतावनी

 

बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। एक ओर राज्य के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार के और हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। वहीं 22 जून तक लू, 24 जून को तेज आंधी-तूफान और 25 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।



पटना। बिहार में फिलहाल गर्मी और मानसून दोनों का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार राज्य के कई जिलों में 22 जून तक भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि मानसून के आगमन से पहले लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। विभाग के अनुसार 19 से 22 जून के बीच बिहार के कई इलाकों में लू चलने की आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रही और दिन व रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 24 जून को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दिन बिहार के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ गरज-चमक और आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है।

वहीं 21 से 23 जून तथा 25 जून को भी कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है। मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 22 से 25 जून के बीच बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से बिहार तक फैली मौसमी ट्रफ और अन्य सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से लू और आंधी-तूफान को देखते हुए सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट