सावधान बिहार! अगले कुछ घंटों में बदल सकता है मौसम, तेज हवा-बारिश और वज्रपात की चेतावनी
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के कई जिलों में जहां झमाझम बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं, वहीं कुछ इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है।
पटना। बिहार में मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत होती जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने गया, भोजपुर, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, सुपौल और मधेपुरा समेत कई जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और बेगूसराय सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज जैसे जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं की संभावना बनी हुई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
वहीं दूसरी ओर बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रह सकती हैं। ऐसे क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बरकरार रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें