भारत से उड़ा विमान पाकिस्तान एयरस्पेस में घुसा, मचा हड़कंप! तकनीकी खराबी से भटका Air India का प्लेन, चेतावनी के बाद लौटा


दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्लाइट AI-321 रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंची, ATC की चेतावनी के बाद भारत लौटी; 4 घंटे की देरी से यात्रियों को मिला गंतव्य




नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के तनावपूर्ण माहौल के बीच एयर इंडिया की एक फ्लाइट के अचानक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच जाने से हड़कंप मच गया। दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-321 तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित मार्ग से भटक गई और पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश कर गई। पाकिस्तान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से चेतावनी मिलने के बाद पायलट ने तुरंत विमान का रुख बदला और उसे भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लाया।

जानकारी के अनुसार एयरबस AI-321 विमान ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। यह विमान अपने निर्धारित समय से तीन मिनट की देरी से रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या उत्पन्न होने के बाद विमान अपने तय मार्ग से भटक गया और पाकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से चेतावनी मिलने के बाद पायलट को स्थिति का एहसास हुआ।

इसके तुरंत बाद विमान ने यू-टर्न लिया और भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लौट आया। हालांकि इस दौरान काफी समय बीत चुका था। जब विमान अमृतसर पहुंचा तो एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था। रनवे और एयर ट्रैफिक की व्यस्तता के कारण विमान को तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को वापस दिल्ली लौटने का निर्देश दिया। इसके बाद विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। करीब दो घंटे बाद दोबारा अनुमति मिलने पर विमान ने अमृतसर के लिए फिर उड़ान भरी और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कर गया। इस पूरी घटना के चलते यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

अमृतसर एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल की अंतिम मंजूरी आवश्यक होती है। कई बार रनवे की उपलब्धता, एयर ट्रैफिक या अन्य तकनीकी कारणों से विमानों को हवा में इंतजार करना पड़ता है। संबंधित फ्लाइट के मामले में भी लैंडिंग में देरी होने के कारण एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था, जिसके चलते उसे उतरने की अनुमति नहीं दी जा सकी।

अधिकारियों के अनुसार विमान बाद में पूरी तरह सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि यात्रियों को असुविधा और लंबा इंतजार जरूर करना पड़ा। एयर इंडिया और संबंधित एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि आखिर तकनीकी खराबी के कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से कैसे भटक गया।

गौरतलब है कि इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की निजी एयरलाइन फ्लाई जिन्ना की फ्लाइट 9P514 भी खराब मौसम के कारण भारतीय एयरस्पेस में प्रवेश कर गई थी। हालांकि समय रहते उसे वापस पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में ले जाया गया था। अब एयर इंडिया की फ्लाइट के साथ हुई इस घटना ने विमानन सुरक्षा और नेविगेशन सिस्टम को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट