बिहार में गर्मी पर बारिश का ब्रेक! 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा; 72 घंटे में पूरी तरह सक्रिय होगा मानसून
बिहार में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 18 जिलों में बारिश और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है।
पटना। बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन हो या रात, गर्म हवाओं और चिपचिपी उमस से लोग बेहाल हैं। हालांकि शुक्रवार को मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 18 जिलों के लिए बारिश और तेज हवा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर और खगड़िया समेत कई जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में मानसून की औपचारिक एंट्री हो चुकी है, लेकिन मानसूनी सिस्टम अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने और मानसून ट्रफ लाइन के पूरी तरह सक्रिय नहीं होने के कारण राज्य के सभी हिस्सों में एकसमान बारिश नहीं हो रही है। यही वजह है कि कुछ जिलों में बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में अभी भी तेज धूप और उमस बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान कैमूर (भभुआ) राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 से 72 घंटे में मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद राज्य के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश शुरू हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। जून के अंतिम सप्ताह तक लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना में बारिश हुई तो 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
राजधानी पटना में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। यदि अच्छी बारिश होती है तो अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
जेट स्ट्रीम बनी मानसून की रफ्तार में बाधा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वायुमंडल की ऊपरी परतों में बहने वाली तेज हवाएं यानी जेट स्ट्रीम अभी मानसून की प्रगति को प्रभावित कर रही हैं। इसके कमजोर पड़ते ही मानसूनी हवाएं और तेज होंगी तथा अगले 4-5 दिनों में मानसून के देश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें