17 राज्यों में मौसम का डबल अटैक: कहीं भीषण गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, बिहार-यूपी समेत कई राज्यों में चेतावनी
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का खतरा बढ़ गया है, तो दूसरी ओर बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का डबल असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी और लू का असर तेज होने की आशंका है। वहीं 18 मई से मध्य प्रदेश, विदर्भ समेत 17 राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में बहुत भारी बारिश और तूफानी हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झारखंड में 19 और 20 मई को तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है। भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
झारखंड में मौसम का हाल
झारखंड में 18 से 23 मई तक हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। 21 मई को पूरे राज्य में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम
दिल्ली और एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की संभावना जताई है। लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में ऊष्ण लहर यानी हीटवेव चलने का अनुमान है। प्रयागराज, गाजीपुर, उरई और आगरा में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है। वहीं इटावा और मेरठ में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें-
बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, 16 जिलों में ऑरेंज और 22 में यलो अलर्ट
Comments
Post a Comment