चीखों से गूंज उठा गांव : श्राद्ध से लौट रहे सीवान के 5 लोगों की पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत, खड़ी ट्रेलर में पीछे से जा घुसी कार
तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे खड़े कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी,हादसे में सीवान के पांच लोगों की मौत।
उत्तर प्रदेश। के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के सिवान जिले को गहरे सदमे में डाल दिया। सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर गांव के एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल फैल गया।
मृतकों में ग्यासपुर गांव निवासी प्रेमलाल श्रीवास्तव के पुत्र मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन देवी, बेटियां अदिति और आस्था शामिल हैं। वहीं कार चला रहे मनीष के मित्र एवं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव निवासी चालक की भी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार मनीष कुमार अपने नाना के श्राद्ध कर्म में शामिल होने परिवार के साथ गांव आए थे। मंगलवार को श्राद्ध कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शनिवार को सभी लोग फरीदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 238 पर उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे खड़े कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक मनीष के भाई जीवन लाल श्रीवास्तव अन्य परिजनों के साथ शव लेने के लिए रवाना हो गए। इधर ग्यासपुर गांव में बड़ी संख्या में लोग प्रेमलाल श्रीवास्तव के घर पहुंचने लगे। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार मनीष का परिवार बेहद मिलनसार और खुशमिजाज था। श्राद्ध कार्यक्रम में पूरा परिवार उत्साह के साथ शामिल हुआ था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि घर वापसी का सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें...
Comments
Post a Comment