पारिवारिक तनाव ने ली युवक की जान: जहरीला पदार्थ खाने से मौत, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
महाराजगंज के राजेंद्र चौक पर मंगलवार की शाम उस वक्त मातम छा गया, जब पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के लिए सीवान ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
मौके पर पंचनामा तैयार करती महाराजगंज थाना पुलिस।
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। मंगलवार की शाम अचानक उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन उसे तुरंत सीवान लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमन, थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी एवं एसआई अमरेंद्र कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि सोनू कुमार टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो पुत्री और एक पुत्र छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना के बाद राजेंद्र चौक इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग देर शाम तक मृतक के घर पर जुटे रहे और परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।
यह भी पढ़ें..
Comments
Post a Comment