NEET UG 2026 रद्द: पेपर लीक कांड के बाद NTA का बड़ा फैसला, अब दोबारा होगी परीक्षा—CBI जांच शुरू
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह कदम उठाया गया। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखें जल्द घोषित होंगी।
इस साल NEET UG परीक्षा में करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।NTA का आधिकारिक ऐलान
मंगलवार को जारी बयान में NTA ने कहा कि 10 मई की प्रेस रिलीज के क्रम में यह फैसला लिया गया है। एजेंसी ने बताया कि 8 मई को परीक्षा से जुड़े सभी मामलों को स्वतंत्र जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया था। जांच रिपोर्ट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट की समीक्षा के बाद NEET UG 2026 को रद्द करने का निर्णय लिया गया। NTA ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह जरूरी कदम है।
नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की गई है।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
पेपर लीक मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) पहले से ही मामले की जांच कर रही थी और अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। कई राज्यों में लगातार छापेमारी और पूछताछ जारी है।
22 लाख छात्रों पर पड़ा असर
इस साल NEET UG परीक्षा में करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है, लेकिन एजेंसी का कहना है कि निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जांच के दो बड़े एंगल
• राजस्थान SOG दो प्रमुख पहलुओं पर जांच कर रही है:
• प्रश्नपत्र प्रिंटिंग या प्रेस के दौरान लीक होने की आशंका
• पेपर सेटिंग से जुड़े किसी व्यक्ति द्वारा प्रश्नपत्र लीक किए जाने की संभावना
‘गेस पेपर’ से शुरू हुआ विवाद
विवाद तब बढ़ा जब परीक्षा से पहले छात्रों के बीच एक कथित गेस पेपर वायरल हुआ। दावा है कि इसमें दिए गए सवालों का बड़ा हिस्सा असली परीक्षा से मेल खाता था।
गेस पेपर में लगभग 410 सवाल थे।
इनमें से करीब 150 सवाल (600 अंक) असली पेपर में हूबहू पाए गए
NEET कुल 720 अंकों की परीक्षा होती है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला एक कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ लिंक से जुड़ रहा है, जिसका संबंध केरल के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे MBBS छात्र से बताया जा रहा है।
कोचिंग कनेक्शन भी जांच के दायरे में
सूत्रों के मुताबिक, देहरादून, सीकर और झुंझुनूं में कार्रवाई के दौरान एक नामी कोचिंग संस्थान से जुड़े करियर काउंसलर को भी हिरासत में लिया गया है। जांच में आशंका है कि परीक्षा से दो दिन पहले चुनिंदा छात्रों तक पेपर पहुंचाया गया था।
NTA की अपील
एजेंसी ने छात्रों से धैर्य रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। नई परीक्षा तिथि जल्द जारी की जाएगी।
Comments
Post a Comment