शादी से लौट रही आर्केस्ट्रा टीम पर मौत बनकर टूटा ट्रक,सारण में भीषण हादसे ने तीन परिवारों की उजाड़ दी दुनिया, सीवान से लौट रहे थे सभी
बिहार के सारण जिले में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसे की खबर लेकर आई। शादी समारोह से लौट रही एक आर्केस्ट्रा टीम की पिकअप गाड़ी NH-531 पर तेज रफ्तार ट्रक से ऐसी टकराई कि चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे खेत में जा गिरा। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
छपरा: दाउदपुर थाना क्षेत्र के NH-531 पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे यह हादसा हुआ। खैरा बाजार स्थित “जिया आर्केस्ट्रा” से जुड़े कलाकार और कर्मचारी सिवान जिले के चैनपुर में आयोजित शादी समारोह से कार्यक्रम खत्म कर पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बनवार ढाला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
15 फीट दूर खेत में जा गिरा वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी खतरनाक थी कि पिकअप सड़क से उछलकर करीब 15 फीट दूर खेत में जा गिरा। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
छह घायल, तीन की हालत नाजुक
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालकर एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और आर्केस्ट्रा टीम से जुड़े सदस्यों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है।
Comments
Post a Comment