बिहार में अब 30 दिन में होगा शिकायतों का समाधान, देरी हुई तो 31वें दिन निलंबित होंगे अधिकारी: CM सम्राट चौधरी

बिहार सरकार ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने सोमवार को सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल के रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का लोकार्पण किया। सरकार ने साफ कर दिया है कि अब पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविरों में आने वाली शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर हर हाल में करना होगा।

     आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य।

पटना। बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। इसी उद्देश्य से अब राज्य के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का निचले स्तर पर ही समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई पदाधिकारी आवेदन को लंबित रखता है, फाइल अटकाता है या लापरवाही बरतता है, तो वह स्वतः 31वें दिन निलंबित माना जाएगा।

डीएम-एसपी करेंगे रियल टाइम मॉनिटरिंग

सीएम ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पूरे सिस्टम की रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे। सहयोग शिविरों में प्रतिनियुक्त अधिकारी लोगों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत समस्याओं पर भी सरकार गंभीरता से निर्णय लेगी। वहीं प्रखंड, अंचल और थाना स्तर से जुड़ी शिकायतों का निपटारा तय समयसीमा के अंदर करना ही होगा।

प्रखंड और थानों में लगेंगे CCTV

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आईटी विभाग की ओर से सभी प्रखंड, अंचल और थानों में CCTV कैमरे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि वहां की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।

सम्राट चौधरी ने कहा कि “11 अंक काफी शुभ माना जाता है। आज 11 तारीख है और सहयोग हेल्पलाइन नंबर भी 1100 है। इस शुभ अवसर पर एक बड़े जनकल्याणकारी अभियान की शुरुआत हो रही है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक लोगों की शिकायतें आती रहेंगी, तब तक सहयोग शिविर जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट