Bihar BEd CET 2026: 7 जून को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, 18 मई तक भरें ऑनलाइन फॉर्म
बिहार में बीएड में नामांकन की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की ओर से CET-B.Ed 2026 की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित होगी। ऑनलाइन आवेदन 18 मई तक किए जा सकेंगे, जबकि विलंब शुल्क के साथ 21 मई तक आवेदन स्वीकार होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारी भी तेज कर दी गई है।
अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन 18 मई तक कर सकेंगे।
पटना। राज्य के बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली CET-B.Ed 2026 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। जो अभ्यर्थी निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 19 मई से 21 मई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
वैशाली जिले के लिए आरएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनोद मंडल को परीक्षा का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 22 और 23 मई को अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन और अंतिम शुल्क भुगतान की सुविधा दी जाएगी। वहीं, प्रवेश पत्र 1 जून से जारी होंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, संयुक्त प्रवेश परीक्षा 7 जून को आयोजित होगी। परीक्षा के अगले दिन 8 जून को उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 9 और 10 जून तक उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे, जबकि अंतिम परिणाम 19 जून 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।
प्रो. मंडल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। उनके अनुसार, CET-B.Ed परीक्षा राज्य के बीएड संस्थानों में नामांकन के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है और इसके जरिए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
इधर, परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। राज्य नोडल अधिकारी ने 11 जिलों के डीएम और एसएसपी/एसपी को पत्र भेजकर परीक्षा संचालन से जुड़ी जानकारी दी है। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। जिला स्तर पर प्रशासनिक निगरानी बढ़ाई जाएगी।
निर्देश के अनुसार, प्रत्येक दो से तीन परीक्षा केंद्रों पर जोनल मजिस्ट्रेट सह कोऑर्डिनेटिंग ऑब्जर्वर की नियुक्ति होगी। वहीं, हर 500 अभ्यर्थियों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा संचालन में सहयोग के लिए अपर जिला दंडाधिकारी स्तर के अधिकारियों को सहायक क्षेत्रीय समन्वयक बनाया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी
https://biharcetbed://brabu.in/ पर जानकारी प्राप्त किया जा सकता हैं।
Comments
Post a Comment