गाजियाबाद के AC सर्विस सेंटर में भीषण आग का तांडव, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत; 2 कारें और 10 बाइक जलकर राख
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देर रात एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आग इतनी भयानक थी कि तीन मंजिला इमारत धू-धू कर जलने लगी और अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर व कंप्रेसर लगातार धमाकों के साथ फटते रहे। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।
गाजियाबाद: के पटेल नगर इलाके में स्थित एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन मंजिला इमारत पूरी तरह लपटों से घिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद इमारत के अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होने लगे। धमाकों की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय फायर स्टेशन से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े। करीब आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। धुएं और आग की तेज तपिश के बीच फायर कर्मियों ने बीए सेट पहनकर इमारत के अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने की कोशिश की। कई घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका।
आग की चपेट में आकर भवन के अंदर खड़ी दो कारें और करीब दस मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। वहीं, इमारत के भूतल पर सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। मृतक की पहचान करीब 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है। उनकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिस भवन में आग लगी वह एसी सर्विस सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि सर्विस सेंटर का संचालन ओंकार तोमर द्वारा किया जाता था। फिलहाल पुलिस, फायर विभाग और प्रशासन की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर ब्लास्ट को लेकर जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो पाएगी।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने आसपास के लोगों को एहतियात बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
Comments
Post a Comment