बिहार STF का बड़ा एक्शन! 19 हजार कारतूस के साथ अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, सीवान का चंदन सिंह गिरफ्तार
बिहार में हथियार तस्करों के बड़े नेटवर्क पर STF का करारा प्रहार! 19 हजार कारतूस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, इनमें सीवान के तरवारा निवासी चंदन सिंह भी शामिल। उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी कारतूसों की खेप, कई जिलों में होनी थी सप्लाई। अब गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी STF!
पटना: बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय हथियार एवं कारतूस तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 19 हजार कारतूस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सीवान जिले के तरवारा निवासी चंदन सिंह भी शामिल है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
एसटीएफ की विशेष टीम ने सोमवार को भोजपुर जिले के कोईलवर चेक पोस्ट के समीप भोजपुर पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को टाटा सफारी गाड़ी के साथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर निवासी सारस कुमार और लल्टू कुमार तथा सीवान जिले के तरवारा निवासी चंदन सिंह के रूप में हुई है।
उत्तर प्रदेश से बिहार पहुंचाई जा रही थी गोलियों की खेप
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि भारी मात्रा में बरामद कारतूस उत्तर प्रदेश के बदायूं से बिहार लाए जा रहे थे। इसके बाद इन कारतूसों की सप्लाई मुजफ्फरपुर, सुपौल, दरभंगा और सीवान समेत विभिन्न जिलों में हथियार तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। एसटीएफ को उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार और भारी मात्रा में गोलियों की खेप बिहार लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
19 हजार कारतूस, देसी पिस्तौल और सफारी बरामद
एसटीएफ के डीएसपी शेख साबिर और प्रीतम कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तलाशी ली। इस दौरान विभिन्न बोर के करीब 19 हजार कारतूस, .32 बोर की एक देसी पिस्तौल मैगजीन सहित, एक चार पहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाल रही है, ताकि हथियार तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
सीतामढ़ी में बरामद 777 कारतूस से जुड़ रहे तार
इस पूरे मामले का कनेक्शन सात अक्टूबर 2026 को सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में बरामद 777 कारतूस से भी जुड़ता नजर आ रहा है। उस दौरान एसटीएफ और सीतामढ़ी पुलिस की कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद तीन कुख्यात अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए थे। उनके पास से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल सहित 777 कारतूस बरामद हुए थे।
इसके बाद पुलिस हथियारों की सप्लाई लाइन और संभावित आपराधिक साजिश की जांच में जुटी थी। अब इस नए खुलासे के बाद अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में एसटीएफ जुट गई है। रीगा थाना में कांड संख्या 384/26 दर्ज है।
इस मामले में गिरफ्तार सुनील कुमार पर सीतामढ़ी के विभिन्न थानों में सात, मन शंकर उर्फ मणि सिंह पर पांच और इंदल कुमार उर्फ इंदल महतो पर चार आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
सीवान के चंदन तिवारी की गिरफ्तारी से जिले में चर्चा तेज
इस बड़ी कार्रवाई में सीवान जिले के तरवारा निवासी चंदन सिंह की गिरफ्तारी ने जिले में भी हलचल तेज कर दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चंदन तिवारी की इस अंतरराज्यीय गिरोह में क्या भूमिका थी और सीवान में कारतूसों की सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को अवैध हथियार और कारतूस तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. सारस कुमार — अहियापुर, मुजफ्फरपुर
2. लल्टू कुमार — अहियापुर, मुजफ्फरपुर
3. चंदन सिंह — तरवारा, सीवान

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें