सीवान में होम्योपैथी डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, सोशल मीडिया से घंटों बाद हुई पहचान
सीवान: बिहार के सीवान शहर से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सोमवार दोपहर सदर अस्पताल के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिससे पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। कई घंटों की कोशिश के बाद अंततः सोशल मीडिया की मदद से मृतक की पहचान संभव हो पाई।
घटना स्थल पर जुटी लोगों की भीड़प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन मृतक के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। इस वजह से घंटों तक स्थिति संदिग्ध बनी रही।
स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और मीडिया कर्मियों ने मिलकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी रखा। समाजसेवी श्रीनिवास यादव समेत कई लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर शव को सुरक्षित रूप से सदर अस्पताल में रखवाया। इसके बाद मृतक की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा की गई, ताकि उसके परिजनों तक खबर पहुंच सके। जानकारी वायरल होने के कुछ समय बाद मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंचे और पहचान की पुष्टि की।
मृतक की हुई पहचान
मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे स्वजनों ने मृतक की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिन्हा उर्फ माधव के रूप में की। बताया जा रहा है कि डॉ. सिन्हा सीवान शहर के एक निजी क्लिनिक में होम्योपैथी चिकित्सक के रूप में प्रैक्टिस करते थे।
डॉ. सिन्हा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई अचानक मौत से पूरे शहर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोगों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के बाद भी शव लेने नहीं पहुंचे परिजन
घटना की सूचना मिलने पर भी मंगलवार सुबह तक परिजन शव लेने अस्पताल नहीं पहुंचे। जानकारी के अनुसार मृतक के पड़ोस में आज बरात आने वाली है। जिसकी वजह से शव को नहीं लाने का कारण बताया जा रहा है। आस पड़ोस के लोगों के अनुसार डॉ.सिन्हा काफी समय से बाहर रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी महाराजगंज में एक डॉक्टर के यहां कार्यरत है, इधर घटना के बाद नगर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- देश में भीषण गर्मी के साथ बदला मौसम: कहीं 47°C की तपिश, तो कहीं आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट।
Comments
Post a Comment