बिहार में फिर गरजी पुलिस की बंदूक, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ में कैश वैन लूटकांड के बदमाशों से मुठभेड़, एनकाउंटर में घायल हुआ बदमाश
चर्चित कैश वैन लूटकांड के आरोपी उदयनी गांव में छिपे हुए हैं।
पटना में फिर एनकाउंटर, पुलिस ने अपराधियों को घेरा
पटना। पुलिस को मंगलवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि 13 मई को हुए चर्चित कैश वैन लूटकांड के आरोपी उदयनी गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही अपराधियों ने पुलिस को देखा, वे बाइक से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने जवाब में फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान अपराधी नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आदित्य कुमार भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोलियों की आवाज से दहल उठा उदयनी गांव
सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लगातार चली गोलियों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि जब लोगों को पता चला कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तब ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
पुलिस ने मौके से अपराधियों की बाइक भी जब्त कर ली है। इसके अलावा घटनास्थल से कई अहम सुराग भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचे पटना के बड़े अधिकारी
एनकाउंटर की सूचना मिलते ही पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने का काम शुरू किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूटकांड में और कितने अपराधी शामिल थे और इनके पीछे किस गिरोह का हाथ है।
27 लाख की लूट के बाद से फरार थे आरोपी
दरअसल, 13 मई को गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा में अपराधियों ने एक कैश वैन को हथियार के बल पर रोक लिया था। बदमाशों ने ड्राइवर, गनमैन और कस्टोडियन को गन पॉइंट पर लेकर करीब 27 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद से ही पटना पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
मंगलवार को मिले इनपुट के आधार पर पुलिस उदयनी गांव पहुंची, जहां बदमाशों से आमना-सामना हो गया और फिर मुठभेड़ शुरू हो गई।
लगातार दूसरे दिन पुलिस का एक्शन
पटना में यह लगातार दूसरा दिन है जब पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर किया है। सोमवार को भी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सरकारी शिक्षक को गोली मारने वाले कुख्यात अपराधी संदीप उर्फ बादल के पैर में पुलिस ने गोली मारी थी।
वहीं उसका साथी प्रिंस ने सरेंडर कर दिया था।
इसके अलावा सोमवार को ही सिवान में ज्वेलरी दुकान लूटकांड के आरोपी के खिलाफ भी पुलिस ने एनकाउंटर किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ अब बेहद आक्रामक मोड में नजर आ रही है।
बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ बना अपराधियों का खौफ
हाल के दिनों में बिहार पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ काफी चर्चा में है। इस अभियान के तहत पुलिस मुठभेड़ों में अपराधियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर रही है। पुलिस का दावा है कि इससे अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है, जबकि अपराधियों में भी पुलिस का डर बढ़ा है।
पटना में लगातार दो दिनों तक हुए एनकाउंटर ने यह साफ कर दिया है कि राजधानी में अपराधियों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।
यह भी पढ़ें...
पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का बड़ा झटका! 5 दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम, कच्चा तेल 100 डॉलर पार
Comments
Post a Comment