72 घंटे और झेल लीजिए गर्मी, फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! 100 KM की रफ्तार से तूफान, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट
देश इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों तक सूरज आग उगल रहा है और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लेकिन इसी तपिश के बीच मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी राहत की खबर लेकर आई है। अगले 72 घंटे बाद मौसम करवट लेने वाला है। कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
IMD ने 13 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।पटना। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए अब राहत की उम्मीद नजर आने लगी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में फिलहाल लू का प्रकोप जारी रहेगा। दोपहर की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। सड़कें सूनी पड़ रही हैं और रात में भी गर्म हवाएं लोगों को चैन नहीं लेने दे रहीं। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक गर्मी का यही सितम जारी रह सकता है, लेकिन उसके बाद मौसम अचानक बदल सकता है। IMD ने 13 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक साथ एक्टिव हो रहे हैं, जिसका असर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, पहाड़ी और तटीय इलाकों में देखने को मिलेगा।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। यहां 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में भारी बारिश, पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। यहां बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ चुकी हैं। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून तय समय से पहले केरल पहुंच सकता है। 26 मई तक मानसून केरल में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद धीरे-धीरे देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा।
हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज गर्मी के दौरान दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखने को कहा गया है। वहीं आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।
अब लोगों की नजर अगले 72 घंटों पर टिकी है, क्योंकि इसके बाद झुलसाती गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें...
Comments
Post a Comment