जयमाला से ठीक पहले चक्कर खाकर गिरा दूल्हा, दुल्हन की सख्त शर्त—पहले मेडिकल सर्टिफिकेट लाओ, फिर होगी शादी; बैरंग लौटी बारात
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक शादी उस समय सनसनी बन गई जब खुशियों से भरे मंडप में अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने पूरे समारोह को सवालों के घेरे में ला दिया। जयमाला से पहले दूल्हे के गिरने के बाद दुल्हन ने ऐसा फैसला लिया कि रातभर पंचायत चली और अंत में बारात को बिना दुल्हन ही लौटना पड़ा।
रातभर चली पंचायत, लेकिन नहीं बनी बात,दुल्हन ने बिना मेडिकल सर्टिफिकेट के शादी से किया इंकार
उत्तर प्रदेश। एटा के सकीट इलाके में कोतवाली देहात क्षेत्र के कठोली गांव से बारात बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। ढोल-नगाड़े, नाच-गाना और स्वागत की तैयारियों के बीच शादी की रस्में शुरू हुईं। मेहमानों की भीड़ और खुशियों के बीच सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन तभी अचानक एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे माहौल को स्तब्ध कर दिया।
कुर्सी से नीचे गिर पड़ा दूल्हा, मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दूल्हा कुर्सी पर बैठा हुआ था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़ा। दूल्हे के गिरते ही मंडप में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मेहमान तुरंत दौड़े और उसे संभाला। पानी पिलाया गया और कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। दूल्हा पक्ष ने इसे घबराहट, थकान और शादी की भागदौड़ का असर बताकर बात को शांत करने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन पक्ष के मन में शक पैदा हो चुका था।
दुल्हन पक्ष का आरोप– बीमारी छिपाई गई
घटना के बाद दुल्हन और उसके परिवार ने गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि दूल्हे की किसी पुरानी बीमारी की जानकारी पहले नहीं दी गई।
देखते ही देखते खुशियों का माहौल तीखी बहस में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और मामला बढ़ता चला गया।
दुल्हन का साहसिक फैसला– “जिंदगी का फैसला धोखे पर नहीं”
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब दुल्हन ने खुद आगे आकर साफ शब्दों में अपना निर्णय सुनाया। उसने कहा कि वह बिना सच्चाई जाने शादी नहीं करेगी और अपनी पूरी जिंदगी का फैसला किसी भी प्रकार के संदेह या छिपी जानकारी के आधार पर नहीं ले सकती।
रातभर चली पंचायत, लेकिन नहीं बनी बात
मामले को सुलझाने के लिए दोनों परिवारों के बीच देर रात तक बातचीत और पंचायत चलती रही। स्थानीय बुजुर्गों और रिश्तेदारों ने समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। दूल्हा पक्ष मेडिकल रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध नहीं करा सका, जिससे विवाद और गहरा गया।
बिना दुल्हन लौट गई बारात
आखिरकार घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद शादी टूट गई बारात को बिना दुल्हन ही वापस लौटना पड़ा, और गेस्ट हाउस में छाया रहा सन्नाटा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस पहुंची, लेकिन अभी शिकायत नहीं
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यदि तहरीर मिलती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीवान में होम्योपैथी डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, सोशल मीडिया से घंटों बाद हुई पहचान।
Comments
Post a Comment