शिक्षा जगत के मालवीय कहे जाने वाले पूर्व प्रधानाध्यापक रामदेव सिंह का निधन, शोक में डूबा महाराजगंज

सिकंदरपुर गांव में पसरा मातम, कई विद्यालयों में मनाया गया शोक; सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल बोले- शिक्षा जगत को हुई अपूरणीय क्षति


फाइल फोटो: स्व.रामदेव सिंह


सीवान। महाराजगंज प्रखंड के तेवथा पंचायत अंतर्गत सिकंदरपुर गांव निवासी एवं शिक्षा जगत में मालवीय के नाम से प्रसिद्ध पूर्व प्रधानाध्यापक रामदेव सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले रामदेव सिंह के निधन से शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके शुभचिंतकों में गहरा दुख है।


बताया जाता है कि रामदेव सिंह पिछले दो सप्ताह से बीमार चल रहे थे। दिल्ली में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के शिक्षाविदों एवं गणमान्य लोगों में शोक की लहर फैल गई। उनके सम्मान में विभिन्न हाई स्कूलों में शोक व्यक्त किया गया। परिजन भुआल सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह सिकंदरपुर गांव के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना में निभाई अहम भूमिका


रामदेव सिंह शिक्षा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे सिकंदरपुर गांव के हाई स्कूल तथा महात्मा गांधी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, गौर के संस्थापक सदस्य और संस्थापक प्रधानाध्यापक रहे थे। इसके अलावा अफराद स्थित वीणा मिश्रा बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज को मान्यता दिलाने में भी उनका अहम योगदान रहा।


मशरक के राजा पट्टी हाई स्कूल से वे सेवानिवृत्त हुए थे। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समर्पण और दूरदर्शिता ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार को नई दिशा दी। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


 सांसद सिग्रीवाल ने जताया गहरा शोक


रामदेव सिंह के निधन पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामदेव बाबू के निधन से शिक्षा जगत में जो शून्यता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उनका निधन शिक्षा के क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।


वहीं, स्थानीय विधायक हेमनारायण साह, दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, गोरेयाकोठी विधायक देवेश कांत सिंह, प्रधानाध्यापक बृज किशोर प्रसाद, मंजू सिंह, अखिलानंद पांडेय, दिल्ली पुलिस के डीएसपी धर्मेंद्र कुमार सिंह, रमेश सिंह, देवानंद सिंह, मुखिया कन्हैया राय, विनोद सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


रामदेव सिंह का निधन केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समर्पित एक ऐसे व्यक्तित्व का अवसान है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में शिक्षा की अलख जगाई। उनका योगदान और उनकी स्मृतियां हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।


रिपोर्ट: प्रियांशु कुमार सिंह 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

SDO अनिल कुमार पर सरकार का सबसे बड़ा एक्शन! 25.92 लाख रुपये का हिसाब नहीं, हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी, 'निंदा' की सजा के बाद अब पद से हटाने की अनुशंसा

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

मैडम, मेरा एडमिशन करा दीजिए...8 साल के मासूम की गुहार पर पसीजा SDM का दिल, साइबर कैफे पर छापा और सरकारी स्कूल में कराया दाखिला