जले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, 25 हजार रुपये मांगने का लगाया आरोप
दरौंदा के बालबंगरा गांव में ट्रांसफार्मर जलने से दो दिनों से सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर लापरवाही के साथ 25 हजार रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया।
सीवान। दरौंदा प्रखंड के बालबंगरा मोड़ पर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर मंगलवार की दोपहर स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बालबंगरा गांव में लगभग सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति 200 केवीए क्षमता वाले एकमात्र ट्रांसफार्मर पर निर्भर है। दो दिन पहले ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और पेयजल संकट सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई), एसडीओ, स्थानीय विधायक और सांसद तक को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कार्यालय में कार्यरत कुछ कर्मी 25 हजार रुपये देने पर तत्काल ट्रांसफार्मर लगाने की बात कह रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस आरोप की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अविलंब नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें