सीवान में टूटकर गिरा 11000 वोल्ट का हाईटेंशन तार,करंट लगने से 6 लोग झुलसे, मौके पर मची आफरा तफरी
सीवान शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल अस्पताल चौक पर सोमवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। अचानक बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वहां से गुजर रहे छह लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
![]() |
| घटना में पीड़ित को अस्पताल ले जाते लोग |
सीवान। शहर के अस्पताल चौक के समीप सोमवार की शाम करीब सवा आठ बजे अचानक बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। उस समय चौक पर सामान्य दिनों की तरह लोगों की आवाजाही जारी थी। तार गिरते ही वहां से गुजर रहे कई लोग उसकी चपेट में आ गए और करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तार गिरने के कुछ ही सेकंड के भीतर कई लोग करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बिजली विभाग और प्रशासन को सूचना दी। साथ ही घायलों को घटनास्थल से हटाकर उपचार के लिए मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान अतरसुआं निवासी मो. आमिर, कुतुबछपरा निवासी मो. राजा, कंधवारा निवासी नसरूल, अस्पताल रोड निवासी खालिद अहमद तथा नया बाजार निवासी रिंकू अली समेत अन्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग अपने-अपने कार्य से लौट रहे थे या सड़क से होकर गुजर रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया।
![]() |
| घटना के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़ |
मॉडल अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने उनका इलाज शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्वास्थ्य जांच की। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों को हल्की से मध्यम स्तर तक झुलसने की शिकायत है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में पुराने और जर्जर बिजली तार लगे हुए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग पूरे शहर में तारों की जांच कर जर्जर तारों को जल्द बदले, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें