जन साधारण एक्सप्रेस में लूट का विरोध करना पड़ा भारी, सुपौल की MVI के पति को सीने में मारी गोली

बिहार के खगड़िया में चलती जन साधारण एक्सप्रेस में बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। मानसी और बदला घाट स्टेशन के बीच ट्रेन में कथित लूटपाट का विरोध करने पर सुपौल में तैनात मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) अस्मिता कुमारी के पति देव कुमार गुंजन को अपराधियों ने सीने में गोली मार दी। 



कथित लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने मारी गोली


खगड़िया। जिले के सहरसा रेलखंड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जन साधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री को बदमाशों ने गोली मार दी। घायल की पहचान झारखंड के गोड्डा निवासी देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है, जो सुपौल में पदस्थापित एमवीआई अस्मिता कुमारी के पति बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, देव कुमार गुंजन अपनी पत्नी के साथ सुपौल से गोड्डा जा रहे थे। इसी दौरान मानसी और बदला घाट स्टेशन के बीच ट्रेन में कुछ बदमाश यात्रियों से सामान और नकदी लूटने लगे। आरोप है कि जब देव कुमार गुंजन ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सीने में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज के साथ ही कोच में चीख-पुकार मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस हरकत में आई। घायल को तत्काल खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद मानसी जीआरपी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल और उनके परिजनों से पूछताछ की। साथ ही ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

हालांकि, पुलिस ने अभी लूटपाट की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मानसी जीआरपी थानाध्यक्ष रवि भूषण ने बताया कि चलती ट्रेन में एक यात्री को गोली मारकर घायल किया गया है। घटना के पीछे की वजह क्या है और अपराधी कौन थे, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞