पूर्व मुखिया आजादी बाबू को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश, ग्रामीणों ने रखीं तीन बड़ी मांगें
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने देवरिया पंचायत पहुंचकर पूर्व मुखिया स्व. अजीत प्रसाद उर्फ आजादी बाबू के परिजनों से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी स्मृति में तोरण द्वार, सड़क नामकरण और प्रतिमा स्थापना की मांग उठाई।
![]() |
| फोटो: श्रद्धांजलि अर्पित करते मंत्री। |
सीवान। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को महाराजगंज प्रखंड की देवरिया पंचायत पहुंचकर पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी स्व. अजीत प्रसाद उर्फ आजादी बाबू के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मंत्री ने आजादी बाबू के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा से जुड़े योगदान को याद किया।
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि आजादी बाबू एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि, कर्मठ समाजसेवी और जनता की आवाज उठाने वाले नेता थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन में समाज के कमजोर वर्गों की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया। उनके निधन से न केवल देवरिया पंचायत बल्कि पूरे महाराजगंज क्षेत्र ने एक समर्पित जनसेवक को खो दिया है। उन्होंने कहा कि आजादी बाबू के कार्यों और विचारों को हमेशा याद रखा जाएगा।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों के योगदान को याद रखना चाहिए, जिन्होंने जनता के बीच रहकर समाज के लिए काम किया।
![]() |
| परिजनों से मुलाकात करते मंत्री दीपक प्रकाश |
गौरतलब है कि स्व. अजीत प्रसाद उर्फ आजादी बाबू ने वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) के टिकट पर महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वे क्षेत्र में एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता और लोकप्रिय सामाजिक चेहरा माने जाते थे। पंचायत और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण लोगों के बीच उनकी विशेष पहचान थी। जनहित के मुद्दों को उठाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे।
ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
मंत्री के देवरिया पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने आजादी बाबू की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए मंत्री दीपक प्रकाश के समक्ष तीन महत्वपूर्ण मांगें रखीं। ग्रामीणों ने मांग की कि देवरिया पंचायत में उनके नाम पर एक भव्य तोरण द्वार का निर्माण कराया जाए, उनके घर तक जाने वाली सड़क का नाम "आजादी बाबू मार्ग" रखा जाए तथा देवरिया पंचायत भवन परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।
![]() |
| आजादी बाबू की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की मांग पर ग्रामीणों से संवाद करते मंत्री दीपक प्रकाश। |
ग्रामीणों का कहना था कि आजादी बाबू ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा जनता की सेवा में समर्पित किया था। ऐसे में उनकी स्मृति को संरक्षित करना क्षेत्र की जनता की भावनाओं से जुड़ा हुआ विषय है।
मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित मांगों पर विचार कर आवश्यक पहल की जाएगी। मंत्री के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों और समर्थकों ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने स्व. आजादी बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
रिपोर्ट: प्रियांशु कुमार सिंह



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें