महीनों से टोटो चालक काट रहे थे थाने के चक्कर, बैटरी चोरी के खेल का खुला राज; मुखिया के बेसमेंट से मिला 36 बैटरियों का जखीरा, मुखिया समेत 2 पर प्राथमिकी दर्ज
दरौंदा में महीनों से ई-रिक्शा और टोटो चालकों की नींद उड़ाने वाली बैटरी चोरी की घटनाओं का आखिरकार बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन दिनों की लगातार छापेमारी के बाद एक ऐसे ठिकाने का पर्दाफाश किया है, जहां से दर्जनों संदिग्ध बैटरियां, सैकड़ों बैटरी टिप्पी और कटे हुए तार बरामद हुए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पूरा सामान सिरसाव पंचायत के मुखिया के अधीन बताए जा रहे एक बंद बेसमेंट से मिला है, जिसके बाद पूरे इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
मुख्य खबर
दरौंदा थाना पुलिस ने टोटो और ई-रिक्शा बैटरी चोरी से जुड़े एक बड़े गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करते हुए एनएच-531 स्थित सूर्या रेस्टोरेंट के नीचे बने एक बंद बेसमेंट से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भाग निकला। पीछा करने पर वह स्कूटी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस जब दोबारा सूर्या रेस्टोरेंट पहुंची तो एक और संदिग्ध व्यक्ति बेसमेंट के पास से भाग निकला।
तलाशी में पहले बेसमेंट के बाहर आठ बैटरियां, बड़ी संख्या में बैटरी टिप्पी और कटे हुए तार मिले। जांच में पता चला कि बेसमेंट सिरसाव पंचायत के मुखिया धनु भारती के अधीन है। पुलिस ने बेसमेंट खुलवाने की कोशिश की, लेकिन चाबी को लेकर घंटों तक असमंजस और बहाना चलता रहा। आखिरकार पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में ताला तोड़कर तलाशी ली।
बंद पड़े बेसमेंट में छिपाकर रखी गई थीं बैटरियां, मुखिया धनु भारती के परिसर से हुई बरामदगी।
अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बेसमेंट से कुल 28 और बैटरियां बरामद हुईं। बाहर मिली आठ बैटरियों को मिलाकर कुल 36 बैटरियां जब्त की गईं। इनमें अधिकांश बैटरियों का तेजाब निकाला जा चुका था और उनकी पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी। साथ ही 218 बैटरी टिप्पी और बड़ी मात्रा में कटे हुए तार भी बरामद हुए।
पुलिस का मानना है कि इलाके में पिछले कई महीनों से हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं के पीछे संगठित गिरोह सक्रिय था और बरामद सामान उसी नेटवर्क की ओर इशारा करता है। मामले में पुलिस ने मुखिया धनु भारती और रविंद्र कुमार की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने बताया कि पिछले कई माह से टोटो चालक बैटरी चोरी की शिकायत लेकर थाने पर आ रहे थे, इसमें प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी, जिसकी जांच की जा रही थी, इसी दौरान यह खुलासा हो पाया। इधर
पुलिस का दावा है कि रविंद्र कुमार के पास बेसमेंट की चाबी होने की सूचना मिली थी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही उसने मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
....समाप्त.
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें