बिहार में मानसून का धमाकेदार आगाज़: 17 जिलों में सक्रिय, 38 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट
पटना। बिहार में मानसून ने इस बार समय से पहले ही जोरदार दस्तक दे दी है और राज्य के कई हिस्सों में इसका असर तेज़ी से दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने पूरे प्रदेश के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में येलो अलर्ट शामिल है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में मानसून पूरे बिहार को कवर कर सकता है।
![]() |
| 17 जिलों में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून |
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 12 जून से बिहार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अब यह लगातार आगे बढ़ रहा है। फिलहाल राज्य के 17 जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जबकि 5 जिलों के कुछ हिस्सों में भी इसका प्रभाव देखा जा रहा है।
जिन 17 जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय:
सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, बेगूसराय, लखीसराय, बांका, मुंगेर, खगड़िया और भागलपुर।
आंशिक रूप से प्रभावित जिले:
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और जमुई के कुछ हिस्सों में भी मानसून पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल मुजफ्फरपुर के आसपास बनी हुई है।
पूरे बिहार में अलर्ट, 60 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसमें 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट – भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा, इसके साथ ही 18 जिलों में येलो अलर्ट – मध्यम बारिश की संभावना बताया है। मौसम विभाग के अनुसार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं
कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
पटना में दिनभर बादल, बारिश के आसार
राजधानी पटना में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि पटना और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
अगले 4–5 दिन तक बिहार में बारिश का सिलसिला जारी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ बिहार में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर और पूर्वी बिहार में अच्छी और लगातार बारिश के आसार,दक्षिण और मध्य बिहार में रुक-रुक कर वर्षा,तापमान में गिरावट और गर्मी-उमस से राहत मिली है। इधर किसानों के लिए बड़ी राहत मिली है। धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें...
जन साधारण एक्सप्रेस में लूट का विरोध करना पड़ा भारी, सुपौल की MVI के पति को सीने में मारी गोली

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें