इंडियन बैंक में बड़ा हादसा: गार्ड की दोनाली बंदूक से चली गोली, रिकवरी एजेंट..

बिहार के औरंगाबाद जिले से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। इंडियन बैंक की शाखा में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक मिसफायर हो गया, जिसकी चपेट में आकर बैंक के रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

                 घटना के बाद जांच करते अधिकारी

औरंगाबाद: घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के उचौली गांव स्थित इंडियन बैंक शाखा की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक बंदूक से गोली चल गई। गोली पास में मौजूद रिकवरी एजेंट राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी।

गोली लगते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बैंक कर्मियों ने घायल राजेंद्र पासवान को इलाज के लिए मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की हुई पहचान 

मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इंडियन बैंक में रिकवरी एजेंट के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश Kumar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला समेत सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मिसफायर का लग रहा है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।

वहीं बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में खड़े रिकवरी एजेंट को जा लगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बैंक में सुरक्षा मानकों की जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।





Comments

Popular posts from this blog

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट

सीवान में पुलिस का बड़ा एक्शन: 25 हजार का इनामी सोनू यादव एनकाउंटर में ढेर, हर्ष सिंह केस से जुड़ा था तार!