नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री की कोशिश फेल: जोगबनी बॉर्डर पर चीनी नागरिक गिरफ्तार
बिहार अररिया जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित जोगबनी एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए एक चीनी नागरिक को अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करते हुए पकड़ लिया। बिना वीजा और पासपोर्ट के सीमा पार करने की इस कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं।
अररिया: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी ICP पर सोमवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी के जवानों ने एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 41 वर्षीय झोउ हुआन के रूप में हुई है, जो चीन के हुनान प्रांत का निवासी बताया जा रहा है।
फ़ोटो: पुलिस हिरासत में चीनी नागरिक झोउ हुआनप्रारंभिक जांच में सामने आया कि झोउ हुआन नेपाल के विराटनगर से नेपाली नंबर की स्कूटी पर सवार होकर जोगबनी ICP के रास्ते भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, गेट पर तैनात SSB जवानों की सतर्कता के चलते वह पकड़ा गया।
SSB के अनुसार, आरोपी के पास कोई वैध वीजा, पासपोर्ट या अन्य यात्रा दस्तावेज नहीं थे। संदेह होने पर उसे तुरंत हिरासत में लिया गया और आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों के साथ संयुक्त पूछताछ की गई। जांच में यह पुष्टि हुई कि वह अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत में घुसने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जोगबनी थाना को सौंप दिया गया है। फिलहाल विभिन्न सुरक्षा और जांच एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि उसके भारत आने के मकसद और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
इस पूरे मामले को लेकर ICP के एलपीआई प्रबंधक रत्नाकर यादव ने बताया कि नेपाली नंबर की स्कूटी से सीमा पार करने की कोशिश के दौरान चीनी नागरिक को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां सतर्क हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी को दर्शाती है, लेकिन साथ ही यह भी संकेत देती है कि अवैध प्रवेश की कोशिशें लगातार हो रही हैं, जिन्हें समय रहते रोकना बेहद जरूरी है।
Comments
Post a Comment