सीवान समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, वज्रपात और मूसलाधार बारिश का खतरा
बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के 17 जिलों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। सीवान समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
पटना। बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने शुक्रवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए 17 जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है।
सीवान समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का खतरा बना हुआ है।
5 जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मध्यम से तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मानसून अभी भी सामान्य से पीछे
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्यभर में बारिश का दायरा तो बढ़ा है, लेकिन कुल वर्षा सामान्य से कम बनी हुई है। इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 53 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि कटिहार जिले के अमदाबाद में सबसे अधिक 108.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पटना का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी पटना में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम या रात में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल पटना के लिए भारी बारिश या आंधी का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
कई जिलों में अब भी बारिश की भारी कमी
मौसम विभाग के अनुसार गया, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, नवादा, जमुई, मधुबनी, सीतामढ़ी, सारण, वैशाली, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। वहीं दरभंगा, बेगूसराय, समस्तीपुर, भागलपुर, बांका, कटिहार और पश्चिम चंपारण के कुछ हिस्सों में सामान्य या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
तापमान का हाल
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जबकि पटना का तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस बिक्रमगंज (रोहतास) और वाल्मीकिनगर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि मेघगर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और जलाशयों के आसपास न जाएं। तेज हवाओं के दौरान कमजोर भवनों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। किसानों को भी खेतों में काम करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और बिजली चमकने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें