बिहार में मानसून का महाअटैक!12 जिलों में मूसलाधार बारिश-आंधी का खतरा, अगले 10 दिन बदल जाएगा मौसम
बिहार में उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश, 60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 7 से 10 दिनों तक पूरे बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा।
पटना। बिहार में लंबे इंतजार के बाद मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के असर से राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को 24 जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
सबसे ज्यादा खतरा दक्षिण और मध्य बिहार के 12 जिलों में है, जहां कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं पटना, बक्सर, भोजपुर, मुंगेर, भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत
लगातार उमस और तेज धूप से परेशान लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पटना समेत कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होगी।
अगले 10 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में अगले 7 से 10 दिनों तक बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी। कई जिलों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि पूरे जुलाई महीने में सामान्य से कम बारिश का पूर्वानुमान अभी भी बरकरार है।
मौसम विभाग की सलाह
बारिश और आंधी के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।
वज्रपात के समय पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें।
किसान मौसम को देखते हुए खेतों में काम करने से पहले ताजा अपडेट जरूर देखें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें