48 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज! बंगाल की खाड़ी में हलचल तेज, दिल्ली-UP-बिहार समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में हलचल तेज, कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम राहत का बड़ा संकेत दे रहा है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज हुई मौसमीय गतिविधियों ने पूरे सिस्टम को बदलना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे को बेहद अहम बताते हुए दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 11 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 29 मई के बाद तापमान में गिरावट के संकेत हैं और केरल में मानसून की आधिकारिक एंट्री भी कभी भी घोषित हो सकती है। 


गर्मी से तड़प रहे उत्तर भारत को राहत के संकेत 

दिल्ली, राजस्थान, यूपी, हरियाणा और मध्य भारत के कई इलाके इन दिनों 45 से 48 डिग्री तापमान की मार झेल रहे हैं। दिन ही नहीं, रातें भी गर्म हो चुकी हैं। लेकिन अब बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन, पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून सिस्टम मिलकर मौसम की दिशा बदलने लगे हैं। IMD के अनुसार 29 मई के बाद उत्तर और मध्य भारत के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है। 


बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में एक्टिव हुआ बड़ा सिस्टम।

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य उत्तर प्रदेश, ओडिशा,तमिलनाडु, असम और बंगाल की खाड़ी के ऊपर अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत की तरफ एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी बढ़ रहा है। यही वजह है कि अगले तीन दिनों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। 

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ मानसून गतिविधियां मजबूत हो रही हैं, जिससे नमी तेजी से उत्तर और मध्य भारत की तरफ बढ़ रही है। 

दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं का खतरा

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 28 मई की शाम से मौसम बदल सकता है। IMD ने गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। 29 से 31 मई के बीच तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 

यूपी में शुरू होगा आंधी-बारिश का बड़ा दौर 

उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कई जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। किसानों के लिए अगले 72 घंटे बेहद अहम बताए जा रहे हैं।

 बिहार में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट 

बिहार के कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार तेज गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 राजस्थान में लू के बाद अब तूफानी बदलाव 

राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, कोटा और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान अभी भी 48 डिग्री तक पहुंच रहा है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 29 मई के बाद मौसम बदल सकता है। IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए धूल भरी आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। कई इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। 

केरल में मानसून की एंट्री पर नजर 

मौसम विभाग के मुताबिक केरल में मानसून की आधिकारिक एंट्री अगले 48 घंटे में घोषित हो सकती है। अगर मौजूदा सिस्टम इसी तरह सक्रिय रहा तो जून की शुरुआत में मानसून देश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ सकता है। हालांकि अल नीनो की वजह से मानसून कमजोर पड़ने की आशंका अभी भी बनी हुई है।

लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी 

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है, क्योंकि मानसून की शुरुआती चाल खरीफ फसलों की बुवाई तय करेगी।









टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

छोटी टक्कर, बड़ा कत्ल… पुलिस को देखते ही की फायरिंग, एनकाउंटर में ‘खेल खत्म’ 'लोकल लेवल का लफुआ' बना कुख्यात अपराधी!

❝ जिम्मेदारियों के शोर में कहीं खो गया वो बचपन ❞

Danapur में ‘Haldiram Bhujiawala’ का धमाकेदार विस्तार: स्वाद, स्वच्छता और भरोसे के संग नई पहचान, UCO Bank के CGM ने सराहा मॉडल आउटलेट