ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत बना मौत की वजह! शादी समारोह में चाकूबाजी, दूल्हे के चाचा की गई जान
सीवान: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगई गांव में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान जमकर बवाल हो गया। बताया जा रहा है कि द्वारपूजा के बाद जानवासे में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक अपनी पसंद का गीत बजाने की मांग करने लगे। गीत को लेकर बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े बारह बजे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद कुछ युवक फिर लौटे और बारातियों पर चाकू से हमला कर दिया।
चैनपुर थाने की पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।इस हमले में दूल्हे के चाचा मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरनाथपुर लक्ष्मीपुर निवासी ओम प्रकाश शाह के पुत्र मनीष कुमार साह के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गांव में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात
हत्या की घटना के बाद दूल्हा पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं सूचना है कि आक्रोशित लोग आरोपी के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी में हैं। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन लगातार लोगों को समझाने-बुझाने में जुटा हुआ है।
Comments
Post a Comment