सीवान डबल मर्डर: बेटे की मौत के बाद पिता ने भी तोड़ा दम, रोड रेज में चली गोलियों ने उजाड़ा परिवार
सीवान में रोड रेज की मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पहले बेटे की मौत हुई, अब पिता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया—इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
फ़ाइल फ़ोटो: पिता चंदन सिंह व पुत्र हर्ष सिंह
सीवान। टाउन थाना क्षेत्र में 29 अप्रैल को हुए रोड रेज विवाद में गोलीबारी की घटना ने अब डबल मर्डर का रूप ले लिया है। बीजेपी के पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह ने भी पटना के आईजीएमएस में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनके बेटे हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीपुर-आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ कार खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी से सट गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष ने गुस्से में आकर चंदन सिंह और उनके बेटे हर्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन सिंह को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान अब चंदन सिंह की भी मौत हो गई है, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस कार्रवाई:
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 3 मई को मुख्य आरोपी सुनील यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। वहीं, एक अन्य आरोपी छोटू कुमार यादव को घटना के कुछ घंटों बाद ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसका इलाज पटना पीएमसीएच में चल रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Comments
Post a Comment