जनेऊ समारोह में ‘तमाशा’: डांस, हथियार और सियासत—गोपालगंज केस गरमाया, जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत 9 पर केस दर्ज
बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पारंपरिक उपनयन (जनेऊ) संस्कार के नाम पर अश्लीलता और हथियारों के खुले प्रदर्शन ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में आयोजित इस निजी कार्यक्रम का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
क्या है पूरा मामला?
गोपालगंज: के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में 2 और 3 मई को एक उपनयन (जनेऊ) समारोह आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम स्थानीय मुखिया गुड्डू राय के आवास पर हुआ, जिसमें कई रसूखदार लोग शामिल हुए। इसी कार्यक्रम में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
एक वीडियो में मंच पर नर्तकियां भोजपुरी गानों पर डांस करती दिख रही हैं, जबकि सामने बैठे लोग उसे एंजॉय कर रहे हैं। दूसरे वीडियो में कुछ युवक खुलेआम पिस्टल और राइफल लहराते हुए गानों पर झूमते नजर आ रहे हैं। एक और क्लिप में विधायक की मौजूदगी के बीच पूरा माहौल ‘मनोरंजन’ में डूबा दिखता है। अब यह वीडियो वायरल होने के बाद कार्यक्रम की प्रकृति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कड़ा एक्शन
इधर मामले की जानकारी मिलते ही गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने तुरंत जांच के आदेश दिए। साइबर सेल ने वीडियो की जांच कर उसकी पुष्टि की, जिसके बाद मीरगंज थाने में कांड संख्या 247/26 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले में विधायक अनंत सिंह,आयोजक मुखिया गुड्डू राय,
गायक गुंजन राय,सहित 9 लोगों को नामजद किया गया है,जबकि 6 अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
बढ़ सकती हैं मुश्किलें
एफआईआर के बाद अब पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गिरफ्तारी की संभावना से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
सख्त तेवर वाले एसपी
एसपी विनय तिवारी (2015 बैच) अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले भी वे बड़े मामलों में कड़े फैसले लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इलाके में चर्चा तेज
कार्रवाई के बाद इलाके के रसूखदारों और बाहुबलियों में बेचैनी बढ़ गई है। वीडियो में ‘ठुमके’ लगाते दिखे लोग अब पुलिस से बचने की कोशिश में हैं। वहीं, चौक-चौराहों पर इस मामले की जोरदार चर्चा हो रही है।
Comments
Post a Comment